Monday, April 27, 2015

मिट्टी की जांच कैसे करें

मिट्टी का नमूना लेने के पहले निम्नलिखित सुझावों पर अवश्य ध्यान दें- 

1. वृक्ष और देशी खाद के ढेर के नीचे की मिट्टी न ले। 
2. खेत के कोनों एवं मेड़ से एक मीटर अंदर के ओर की मिट्टी न लें। 
3. अधिकतर समय पानी भरे रहने वाले एवं नाली के पास के स्थान से मिट्टी न लें। 
4. खेत की मिट्टी यदि अलग अलग है तो नमूना की मिट्टी अलग अलग लें। 
5. उर्वरक, खाद, नमक की बोरी के ऊपर मिट्टी नमूना न सुखायें। 
6. खेत की मिट्टी में स्वाभाविक रूप से पाये जाने वाले कंकड़ आदि अलग न करें। 
7. मिट्टी नमूना रखने के लिए नई एवं साफ पॉलीथीन का प्रयोग करें। 
8. यदि खेत ऊंचा, नीचा है और फसल अलग- अलग बोते हैं तो मिट्टी का नमूना अलग अलग लें। 
9. चाही गई जानकारी नमूना पत्रक में भरकर मिट्टी के साथ अवश्य भेजें। 
10. नमूना पत्रक उपलब्ध न होने पर सादे कागज में नाम, पता, रकबा, खेत निशानी, सिंचाई स्त्रोत, असिंचित, ली गई फसल, प्रस्तावित अगली फसल दिनांक, अन्य संबंधित जानकारी लिखकर मिट्टी नमूना के साथ भेजें। 
11. अधिकतम एक हेक्टेयर क्षेत्रफल तक के खेत से एक नमूना लें। 

मिट्टी का नमूना कैसे लें (तरीका) ?

जिस खेत की मिट्टी लेना हो उसमें अनिश्चित आधार पर दस से बारह बिंदुओं/जगहों का चुनाव करें। चुने गये बिंदुओं/स्थानों की उपरी एक-दो सेमी. सतह साफ करके घास, पत्थर, कचड़ा आदि हटा दें। खुरपी की सहायता से चुने गये स्थानों में व्ही आकार का 6 – 8 इंच गहरा कट लगाकर तसला या बाल्टी में रखते जायें। खेत से लायी गई मिट्टी को साफ फर्श के ऊपर अखबार में बिछाकर छाया में सुखा लें। अब मिट्टी से घास, गोबर, पत्थर के टुकडे फसल अवशेष निकालकर फेंक दें व मिट्टी को भुरभुरी बना लें। अब मिट्टी के ढेर को लगभग 3 इंच की मोटाई में गोलाकार रूप देकर सीधी रेखा चार बराबर भागों में बाँटकर आमने- सामने की दो भाग मिट्टी हटा दें। शेष दो भाग को मिलाकर इसे भी चार भागों में बाँटकर दो आमने सामने के भाग अलग करें। ऐसा तब करें जब कि शेष दो भाग की मिट्टी (500 ग्राम) आधा किलोग्राम के लगभग हो जाये। साफ पॉलीथीन में शेष आधा किलोग्राम मिट्टी भरकर धागा से बांध दें। दूसरी नई पॉलीथीन में मिट्टी वाली पॉलीथीन, जानकारी सहित नमूना पत्रक रखकर धागा से पॉलीथीन को बॉंध दें। अब आपका यह मिट्टी नमूना जांच के लिए तैयार है। जल्दी से जल्दी मिट्टी नमूना कृषि विभाग कृषि विस्तार अधिकारी के द्वारा कृषि विज्ञान केन्द्र मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के लिये भेजेँ

No comments:

Post a Comment